ट्रंप से फोन पर 40 मिनट की बातचीत के बाद बोले प्रधानमंत्री मोदी, वैश्विक साझेदारी और क्षेत्रीय स्थिरता पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि उनकी अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से करीब 40 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की और भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
इस बातचीत को कूटनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। बाजार जानकारों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर स्थिरता और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े ऐसे संकेत निवेशकों की धारणा पर असर डाल सकते हैं। इसी के साथ गिफ्ट निफ्टी में करीब 400 अंकों की मजबूती भी देखी गई, जिससे बाजार में सकारात्मक रुख बनता नजर आ रहा है।
विश्लेषकों के मुताबिक, यह संकेत दे सकता है कि बाजार निचले स्तरों से रिकवरी की ओर बढ़ रहा है और निवेशकों का भरोसा धीरे-धीरे लौट रहा है। फिलहाल स्टॉक और व्यापक बाजार में तेजी के शुरुआती संकेत दिख रहे हैं।






